सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के बाद हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हालांकि, घटना के 48 घंटे से ज्यादा बीत जाने के बाद भी पुलिस इसे संदिग्ध मौत मान रही है, जबकि परिजन लगातार सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगा रहे हैं.
मामला सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र के पट्टीशीतल गांव का है, जहां 11 मार्च को एक नाबालिग लड़की का शव कुएं से बरामद किया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोनपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. वहीं, एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को घसीटते हुए कुएं में फेंक दिया गया था. इस मामले में डेरनी थाना कांड संख्या 96/26 दर्ज करते हुए पुलिस ने पट्टीशीतल गांव निवासी युवराज कुमार, पिता राजकिशोर मांझी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
वहीं, दूसरी ओर मृतका के परिजन लगातार यह आरोप लगा रहे हैं कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है. परिजनों का कहना है कि घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है, जिससे परिवार में आक्रोश है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच की बात कह रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिला रही है.
