जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के असरहुआ गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पत्नी ने बेटे समेत पांच लोगों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर शव को नदी के बालू में दफना दिया. घटना के नौ दिन बाद पुलिस ने शव बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया.
मृतक की पहचान प्रकाश यादव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, प्रकाश यादव लंबे समय से शराब का सेवन करते थे और नशे की हालत में अक्सर घर में गाली-गलौज और मारपीट करते थे.
मृतक के भतीजे योगेंद्र कुमार ने बताया कि दादी के श्राद्धकर्म के बाद प्रकाश यादव ने अत्यधिक शराब पी रखी थी और नशे में घर में विवाद हुआ. इसी दौरान प्रकाश यादव ने अपनी पत्नी रेखा देवी की पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. इसके बाद गुस्से में आकर चचेरे भाई अविनाश ने लोहे के पाइप से प्रकाश यादव की पिटाई कर दी. बेहोशी की हालत में उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया. अगले सुबह जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो उनकी मौत हो चुकी थी.
आरोप है कि मौत के बाद पूरे दिन शव को घर में रखा गया और देर रात परिवार के लोगों ने मिलकर नदी किनारे बालू खोदकर शव दफना दिया. पुलिस जांच में सामने आया कि घटना में कुल पांच लोग शामिल थे.
झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि प्रकाश यादव पिछले नौ दिनों से लापता हैं और उनकी पत्नी मायके चली गई है. जांच के दौरान संदेह गहराने पर रेखा देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने घटना स्वीकार कर ली और शव दफनाने की जगह बताई.
पुलिस ने रेखा देवी की निशानदेही पर योगेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है. नदी से शव निकालकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
