नाच देखने के विवाद में गई जान, जहानाबाद में बारातियों पर हमला, एक की मौत

News Ranchi Mail
0

                                                                       


जहानाबाद से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह के दौरान हुई मारपीट में एक किशोर की मौत हो गई. वहीं, कुछ लोग मामूली रूप से जख्मी भी हो गए. घटना घोसी थाना क्षेत्र के वैना गांव की है. मृतक की पहचान पटना जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी सदन पंडित के 15 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गई है. घटना के बाद बारात में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया.

बताया जाता है कि सोमवार की रात पटना के फतेहपुर गांव से बारात वैना गांव स्थित सुरेंद्र चौधरी के घर आई थी. बारात में पारंपरिक रूप से नाच कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. जिसमें बाराती और शरारती दोनों लोग शामिल होकर आनंद ले रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और मारपीट में तब्दील हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों ने लाठी-डंडे से बारातियों पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से बारात में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. बारात में शामिल लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. कुछ देर बाद जब स्थिति शांत हुई तो लोगों की नजर जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़े सन्नी कुमार पर पड़ी. इसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. 

परिजनों ने बताया कि सन्नी बारात गया था जहां नाच देखने को लेकर हुए विवाद में उसे शरारती पक्ष के लोगों ने पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गयी. सन्नी कुमार अपने परिवार का इकलौता पुत्र बताया जाता है. वह गांव के अन्य बच्चों के साथ बारात में शामिल होने के लिए आया था. मगर, शादी की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल गई. 

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद भी पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में किसी तरह पूरी कराई गईं. अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मृतक की गर्दन टूटी हुई पाई गई है और हाथ के अंगूठे पर भी चोट के निशान हैं. प्रथम दृष्टया यह मामला नृशंस हत्या का प्रतीत हो रहा है. इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर है. 

इस संबंध में घोसी के एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. शादी समारोह के दौरान हुई वीडियो रिकॉर्डिंग को भी खंगाला जा रहा है ताकि मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा सके. साथ ही लड़की पक्ष और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !