बिहार में सनसनी: समस्तीपुर के होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, तो कटिहार बालिका गृह की खिड़की तोड़कर दो लड़कियां फरार!

News Ranchi Mail
0

                                                                      


बिहार में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है. इस सियासत के बीच कटिहार और समस्तीपुर में हुई दो घटनाओं से प्रदेश में महिला सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं. समस्तीपुर के एक होटल में देह व्यापार का काला धंधा चलने का पर्दाफाश हुआ है. यहां रोसड़ा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर स्थित एक होटल में देह व्यापार का खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. 

जानकारी के मुताबिक, महिला थाना समस्तीपुर में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार कोलकाता की एक युवती ने पुलिस को बताया कि उसे देह व्यापार के उद्देश्य से रोसड़ा के मिर्जापुर स्थित एक होटल में लाया गया था. वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसे एक अन्य होटल में ले जाकर भी उसका शोषण किया गया. महिला थानाध्यक्ष प्रीति भारती ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. 

कई सफेदपोशों तक पहुंच सकती है जांच की आंच!

जांच के दौरान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बेलसंडी डीह निवासी रामविलास महतो के पुत्र दिलीप कुमार तथा कोदरिया निवासी रामप्रीत गिरी के पुत्र सुरेश गिरी उर्फ बौना को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कटिहार के बालिका गृह से दो लड़कियां फरार

उधर कटिहार सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित वृहद आश्रय गृह के बालिका गृह के शौचालय की खिड़की तोड़कर दो नाबालिग लड़कियां फरार हो गईं. जानकारी के मुताबिक, दोनों लड़कियां शनिवार (21 मार्च) की देर रात शौचालय के अंदर गई थीं और फिर अपने वार्ड में नहीं लौटीं. इसके बाद वार्डन ने आश्रय गृह में सब जगह उनकी तलाश की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका. इसके बाद बालिका गृह के प्रभारी ने इसकी सूचना बाल सुरक्षा इकाई के सहायक निदेशक को दी. फरार दोनों लड़कियों में एक हरियाणा की है, जिसे अररिया जिले से रेस्क्यू किया गया था. वहीं दूसरी लड़की अररिया की है, जिसे किशनगंज रेस्क्यू किया गया था. 

डीएम ने विशेष जांच टीम का गठन किया

सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन बालिका गृह पहुंचकर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इस मामले में डीएम आशुतोष द्विवेदी ने टेलिफोनिक बताया कि इस मामले में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. जांच टीम को कई बिंदुओं पर मामले की जांच करने का आदेश दिया गया. जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही जिस किसी की गलती पाई जाएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !