बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लहेरी मोहल्ला में सोमवार (06 अप्रैल) की सुबह-सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब NIA और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की संयुक्त टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4:45 बजे शुरू हुई. इस कार्रवाई में सुरक्षा एजेंसियों की करीब 11 गाड़ियों का काफिला पहुंचा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, टीम ने लहेरी मोहल्ला स्थित एक मकान, रवि ज्वेलरी दुकान और बंदूक दुकान पीके गण हाउस में गहन छापेमारी की.
बताया जा रहा है कि सबसे पहले टीम ने संबंधित व्यक्ति के घर की तलाशी ली, इसके बाद ज्वेलरी और हथियार की दुकान में जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जिले के कुल 10 स्थानों पर एक साथ की गई, जिनमें इस्लामपुर और चिकसौरा इलाके भी शामिल हैं. बिहारशरीफ में चल रही इस छापेमारी का नेतृत्व डीएसपी शेख साबिर कर रहे थे. टीम ने संदिग्ध दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री को खंगाला.
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई कुछ समय पहले लहेरी थाना क्षेत्र के सोहनकुआं इलाके से अजीजघाट निवासी मो. परवेज की गिरफ्तारी से जुड़ी है. परवेज के पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए थे, जिसमें AK-47 के कारतूस भी शामिल थे. इसी मामले की कड़ी में एजेंसियां अब उसके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी हैं. इसके अलावा, औरंगाबाद जिले से जुड़े नक्सली अभिजीत यादव के मामले में भी जांच एजेंसियां सक्रिय हैं और इस छापेमारी को उसी जांच का हिस्सा माना जा रहा है.
फिलहाल, छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. हालांकि, इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे जिले में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और आगे भी कार्रवाई जारी रहने की संभावना जताई जा रही है.
