बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की तस्करी कर रहे हैं. बुधवार को छपरा में ऐसे ही दो चौंकाने वाले मामलों का खुलासा हुआ, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई.
पहला मामला सोनपुर जंक्शन का है, जहां रेल मार्ग से बेहद अनोखे तरीके से शराब की तस्करी की जा रही थी. तस्करों ने तरबूज के अंदर का हिस्सा निकालकर उसमें फ्रूटी पैक में शराब छिपा रखी थी. इसके अलावा फाइल बैग और स्कूटी बैग में भी टेट्रा पैक में शराब बरामद की गई. मद्यनिषेध थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 31 लीटर शराब जब्त की.
वहीं, दूसरा मामला एकमा थाना क्षेत्र के माने ढाला के पास सामने आया, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने नमक की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही शराब की बड़ी खेप पकड़ी. छापेमारी के दौरान 1560 लीटर अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई. पुलिस ने मौके से एक पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार तस्कर की पहचान सचिन कुमार, निवासी महुआ (वैशाली) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह यूपी क्षेत्र से नमक के पैकेट के अंदर शराब छिपाकर बिहार में सप्लाई करने जा रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया.
इन दोनों मामलों में तस्करों की तरफ से अपनाए गए अजीबोगरीब तरीकों ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है. प्रशासन का कहना है कि शराब तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
