पश्चिम चंपारण के बगहा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. यहां फूलकौल इलाके में कुख्यात अपराधी पुट्टू मिश्रा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी मच गई. बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन हमलावरों ने पुट्टू मिश्रा पर करीब दो राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं सूचना पर पहुंची प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कई राउंड फायरिंग की बात कही है. हत्या किन वजहों से की गई है, पुलिस इसकी जांच में जुटी है. खुद SDM चांदनी कुमारी और एसपी निर्मला कुमारी के अलावा SDPO रागिनी कुमारी घटनास्थल से FSL टीम के साथ साक्ष्य इकट्ठा करने में जुटी हैं. विधी व्यवस्था बनाये रखने के लिए देर रात तक इलाके में SDM और SP मौजूद रहे.
जानकारी के मुताबिक, कुख्यात अपराधी संजीव उर्फ पुट्टू मिश्रा एक जमीनी विवाद सुलझाने के बाद स्थानीय चौराहे पर चाय पी रहा था. इसी दौरान बाइक पर तीन हमलावर आए और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. पुलिस ने मौके से कई खोखा बरामद किए हैं. कुख्यात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमण्डलीय अस्पताल भेजा गया है.
बता दें की शातिर पुट्टू मिश्रा कई गंभीर आपराधिक मामलों में कई बार जेल जा चुका है और अभी जमानत पर बाहर था. मृतक फखरुद्दीन खान हत्याकांड में नामजद अभियुक्त रहा है. वहीं पुट्टू की सरेआम हुईं हत्या के बाद बेखौफ बदमाशों ने रामनगर पुलिस को चुनौती दिया है.
