सहरसा जिले से एक दिल-दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां घरेलू विवाद में एक महिला ने अपने पांच बच्चों के साथ मिलकर जहर खा लिया. यह घटना इटहरी थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव की बताई जा रही है. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि सास के साथ हुए विवाद से दुखी होकर एक महिला ने अपने पांच बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया. जिसके बाद आनन-फानन में बेहोशी की हालत में महिला और उसके पांचो बच्चों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. दो बच्चों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जबकि अन्य सभी की हालत स्थिर बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर निवासी सोनी देवी को अपनी सास के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि गुस्से में आकर सोनी देवी ने अपने पांचों बच्चों- प्रीति, लखन, रचना, सपना और राम कुमार के साथ मिलकर जहर खा लिया. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और फिर आनन-फानन में सभी को सहरसा के एक निजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अस्पताल में दो बच्चों (लखन और राम कुमार) की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि मां समेत तीनों बच्चियों की हालत स्थिर है. सभी का इलाज चल रहा है. पीड़ित बच्चों की उम्र 5 वर्ष से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है. डॉक्टरों के अनुसार, सोनी देवी और उनकी तीन बेटियों को होश आ गया है. वहीं 5 वर्षीय राम कुमार और 7 वर्षीय लखन कुमार की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. दोनों बच्चों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस निजी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस पारिवारिक विवाद के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है.
.jpg)