बिहार की राजधानी में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे डॉक्टरों को निशाना बना रहे हैं. वहीं, पटना के मोबाइल का नेपाल कनेक्शन का पर्दाफाश हुआ है. कटिहार जिला के अमदाबाद थाना क्षेत्र में बाइक सर्विस के पैसे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक गैरेज संचालक की गोली मार दी गई. समस्तीपुर में दो दिन से लापता युवक का शव मिला है. सासाराम के नासरीगंज के परुरी में जमीन के बंटवारे के झगड़े में भांजे ने मामा की गोली मारकर हत्या कर दी. चलिए जानते हैं कि वो 5 बड़ी खबरें, जिससे दहल गया पूरा बिहार.
पटना में डॉक्टर से 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग
बिहार की राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित बी एरिया में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. यहां जन चिकित्सा अस्पताल के सुप्रसिद्ध चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉक्टर अभिषेक कुमार सिंह से बदमाशों ने फोन पर 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की है. जानकारी के अनुसार, अज्ञात नंबर से कॉल कर अपराधियों ने डॉक्टर से पैसे की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. घटना के बाद डॉक्टर अभिषेक कुमार सिंह ने जक्कनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जक्कनपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अज्ञात नंबर की जांच कर अपराधियों की पहचान में जुट गई है.
पटना से चोरी मोबाइल नेपाल में खपाने का खुलासा
पटना पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो राजधानी के अलग-अलग इलाकों से मोबाइल चोरी कर उन्हें नेपाल में खपा रहा था. पुलिस ने इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 15 लाख रुपये कीमत के 55 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. जानकारी के अनुसार, यह गिरोह पटना के कई क्षेत्रों से मोबाइल चोरी कर निजी वाहनों के जरिए रक्सौल बॉर्डर तक पहुंचाता था. वहां से इन मोबाइल फोन की सप्लाई नेपाल में की जाती थी. गिरफ्तार आरोपियों में कदमकुआं, शाहपुर और पूर्वी चंपारण के चिरैया इलाके के युवक शामिल हैं.
पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि 30 मार्च को सचिवालय थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मोबाइल स्नेचिंग गिरोह के सदस्य सचिवालय हॉल्ट के पास जुटे हैं. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास से 22 मोबाइल बरामद हुए. उनकी निशानदेही पर रक्सौल में छापेमारी कर 33 और मोबाइल के साथ दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, नेपाल में इन मोबाइलों का आईएमईआई नंबर ट्रैक नहीं हो पाता, जिससे गिरोह को चोरी के फोन खपाने में आसानी होती थी. फिलहाल, पुलिस पूरे नेटवर्क के अन्य कड़ियों की जांच में जुटी है.
कटिहार में मोटर गैराज संचालक के सिर में मारी गोली
कटिहार जिला के अमदाबाद थाना क्षेत्र में बाइक सर्विस के पैसे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक गैरेज संचालक को गोली मार दी गई. घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है. मामला कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र का पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत का है. गैरेज स्टाफ शेख मुबारक ने बताया कि गैरेज संचालक मोहम्मद साबिर ने एक ग्राहक की अपाची मोटरसाइकिल की सर्विसिंग की थी, लेकिन ग्राहक सर्विस से संतुष्ट नहीं था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राहक ने गुस्से में आकर हथियार निकाल लिया और मौके पर ही मोहम्मद साबिर के सिर में गोली मार दी. गोली चलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल साबिर को तुरंत अमदाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
समस्तीपुर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या की आशंका
समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के बाजार बागमती नदी के किनारे बाईपास स्थित चहारदीवारी के अंदर एक 19 वर्षीय युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है. शव की पहचान हसनपुर थानाक्षेत्र के मल्हीपुर वार्ड 09 निवासी शंकर साह के पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है. उसकी हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है, हत्या के पूर्व उसके साथ मारपीट और चाकू से शरीर पर दर्जनों जगह गोदने का निशान भी पाया गया है.
बताया जाता है कि राकेश सोमवार देर शाम से लापता था और उसका मोबाइल बंद था. जिसके बाद मंगलवार को उसके परिजनों ने हसनपुर थाना में गुमशुदगी को लेकर आवेदन दिया था. मंगलवार शाम को ही उक्त युवक का मोटरसाइकिल और टीशर्ट पुलिस ने भरद्वाज कॉलेज के पीछे बांसवाड़ी से बरामद किया था वहीं वहां पर खून के धब्बे भी पाए गए थे. जिसके बाद युवक की खोजबीन शुरू की गई और एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर जांच किया.
सासाराम में भांजा ने मामा को मार डाला
सासाराम के नासरीगंज के परुरी में जमीन के बंटवारे के झगड़े में भांजे ने मामा की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी रंजीत मरवाड़ इस घटना के बाद फरार है. पुलिस ने मृतक बैजनाथ सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है. वारदात के पीछे जमीन के बंटवारे का विवाद है.
