मुंगेर जिले के प्रसिद्ध बड़े महावीर मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. मंदिर में स्थापित भगवान महावीर जी, राम जी और लक्ष्मण जी के मुकुट की चोरी कर ली गई है. पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. मंदिर के महंत घनश्याम दास ने जिला प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
बताया जा रहा है कि रविवार (26 अप्रैल) की देर रात एक अज्ञात चोर बड़े महावीर मंदिर परिसर में घुस गया और भगवान के सिर पर सजे मुकुट चोरी कर फरार हो गया. सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब चोरी की घटना का खुलासा हुआ. इसके बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए.
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पूरी वारदात सामने आई. फुटेज में एक संदिग्ध युवक मंदिर के अंदर प्रवेश करता है और भगवान के मुकुट लेकर भागता दिखाई दे रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और आरोपी की पहचान में जुटी है.
वहीं इस मामले में पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मंदिर के महंत घनश्याम दास ने कहा कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था पर हमला है. उन्होंने जिला प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. वहीं श्रद्धालुओं ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
