समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस घटना में शामिल पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया है. सभी आरोपियों की उम्र 15 वर्ष से कम बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग और उसका विरोध था.
जानकारी के अनुसार, हसनपुर थाना क्षेत्र के मरांची मल्हीपुर वार्ड-9 निवासी शंकर साह के पुत्र राकेश कुमार का शव बागमती नदी किनारे बाईपास के झाड़ियों से बरामद किया गया था. युवक की गला रेतकर धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या की गई थी. घटनास्थल से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और खून से सना कपड़ा बरामद किया था. इसके बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की.
मृतक के परिजनों ने इस संबंध में हसनपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. तकनीकी टीम की मदद और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले. जांच के दौरान पता चला कि राकेश कुमार का पड़ोस के गांव की एक लड़की से प्रेम प्रसंग था, जिसका स्थानीय नाबालिग लड़के विरोध कर रहे थे.
समस्तीपुर एएसपी ने बताया कि पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी. जांच के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल मिली और अगले दिन युवक का शव बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया.
पुलिस अनुसार, नाबालिग लड़कों ने राकेश को लड़की से मिलने के बहाने से बुलाया और धारदार चाकू से उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लड़की से बातचीत को लेकर वे नाराज थे और पहले भी विरोध किया था. विरोध के बावजूद जब राकेश नहीं माना तो बदला लेने की नीयत से हत्या की योजना बनाई गई. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है. सभी पांचों नाबालिगों को हिरासत में लेकर सभी को जुवेनाइल कोर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
