समस्तीपुर-नवादा में सड़क हादसे ने खोल दी शराबबंदी की पोल, पुलिस पर भी उठे सवाल! जानें पूरा मामला

News Ranchi Mail
0

                                                                           


 बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब मामला अभी सुर्खियों में है. इस कांड में अबतक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी तक अस्पतालों में जिंदगी से जंग लड़ रहे हैं. इस बीच प्रदेश के दो अलग-अलग स्थानों में हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर से शराबबंदी कानून की पोल खोल दी. समस्तीपुर के वैनी थाना क्षेत्र में एक पिकअप पलट गई, जब मौके पर पुलिस पहुंची तो उसके होश उड़ गए. दरअसल, इस पिकअप से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई. घटना इमली चौक से ताजपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर मजौना मंदिर के पास की है.

बताया जा रहा है कि आज (मंगलवार, 7 अप्रैल) की अहले सुबह 3 बजे गश्ती के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने वैनी थाना क्षेत्र में इमली चौक से ताजपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर मजौना मंदिर के पास सड़क किनारे गड्ढे में पलटी पिकअप से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है. मौके से पिकअप का चालक और खलासी फरार हो गए थे. उत्पाद विभाग की टीम ने पिकअप से 92 पेटी में रखे 828 लीटर शराब बरामद किया है.

इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में वाहन मालिक , चालक और अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कारवाई की जा रही है. साथ ही उत्पाद विभाग की टीम ने उजियारपुर थाना क्षेत्र के मालती गांव के वार्ड-6 में गुप्त सूचना पर कारवाई करते हुए अंग्रेजी शराब के साथ एक कारोबारी राजीव कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इसके पास से6 पेटी में रखे 60 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है. वहीं दूसरी ओर नवादा जिले से भी ऐसी ही एक घटना सामने आई है. यहां एक स्कॉर्पियो पलटने से शराब तस्करी का खुलासा हुआ. 

बताया जा रहा है कि रजौली में शराब से लदी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलट गई. यह घटना रजौली चेकपोस्ट के पास एनएच-20 ब्रिज पर हुई. हादसे के बाद तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने मौके से 648 लीटर अवैध शराब जब्त की है. जानकारी के अनुसार, झारखंड से शराब की खेप लेकर आ रही स्कॉर्पियो रजौली चेकपोस्ट से बिना जांच के गुजरने में सफल रही. रजौली बीएसएनएल टावर के सामने एनएच-20 ब्रिज पर पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो सड़क पर ही पलट गई. चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन करीब 100 फीट तक घिसटता रहा.

दुर्घटना के तुरंत बाद, स्कॉर्पियो के साथ चल रहे एक अन्य वाहन ने घायल चालक और अन्य तस्करों को अपनी गाड़ी में बैठाया और मौके से फरार हो गए. पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब माफिया अपने साथियों को सुरक्षित निकालने में कामयाब रहे. क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए थे. एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया. पुलिस ने दर्जनों कार्टूनों में बंद 180 एमएल वाली जैक फोर्ड और ग्लैन मैक ब्रांड की कुल 648 लीटर शराब जब्त की है. शराब तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !