बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के खपड़ा गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन मंडप पूजन से पहले अचानक से दूल्हा लापता हो गया. रात के वक्त दूल्हा नहीं मिलने पर परिजनों को लगा कि वह दोस्तों के साथ होगा या कहीं सो गया होगा, लेकिन जब सुबह तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई. सुबह दूल्हा की तलाश शुरू की गई. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिससे खुशी का माहौल गम में बदल गया.
शादी से ठीक पहले रहस्यमय परिस्थितियों में दूल्हा के लापता होने की घटना ने दोनों परिवारों की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया है. कल तक जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है. दोनों के परिजनों के आंख में आंसुओं का धारा बह रही है. बताया जा रहा है कि शंभूगंज थाना क्षेत्र के खपड़ा गांव निवासी शंभू तांती के पुत्र राजेश कुमार की शादी शाहकुंड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी सौदागर तांती की पुत्री जानकी कुमारी से तय हुई थी. शादी को लेकर दोनों परिवारों में काफी उत्साह था और सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं.
मंडप पूजन के बाद देर शाम से ही दूल्हा राजेश कुमार रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया. पहले परिजनों को लगा कि वह आसपास ही कहीं होगा, लेकिन सुबह तक उसकी कोई खबर नहीं मिलने से मामला संगीन हो गया. परिजनों और ग्रामीणों ने पूरे गांव और आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला. राजेश के अचानक लापता होने से परिवार में कोहराम मच गया है. उनकी मां बेला देवी और पिता शंभू तांती का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया जा रहा है कि राजेश कुमार पांच भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर पर है. वह रूदपैय इंडियन गैस एजेंसी के पास चाय-पान की दुकान चलाता है. वहीं इस मामले में थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और युवक की तलाश जारी है.
