पटना के बिहटा स्थित राघोपुर मे 13 अप्रैल को किराए के मकान में इंजीनियरिंग की छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने छात्रा के प्रेमी को धर दबोचा है. उसकी पहचान बक्सर जिले के आर्थव श्रीवास्तव उर्फ राजकुमार के रूप में हुई है. पुलिस का दावा है कि छात्रा की हत्या आर्थव श्रीवास्तव ने ही गला दबाकर की थी. बिहटा थानाक्षेत्र के राघोपुर गांव में किराए के मकान से पुलिस ने एक इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा का शव बरामद किया था. मामले की जांच के लिए पटना पुलिस ने एसआईटी बनाई थी, जिसकी तफ्तीश के आधार पर आर्थव को गिरफ्तार किया गया.
एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी आर्थव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस का कहना है कि छात्रा से रेप जैसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है. अभी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी और छात्रा के बीच प्रेम संबंध चल रहा था.
उन्होंने बताया कि घटना से एक दिन पहले दोपहर 12 बजे के करीब आरोपी फोन पर बात करते हुए लैपटॉप देने के बहाने उसके रूम पर पहुंचा था. इसी दौरान दोनों में विवाद और मारपीट हुई थी. फिर आरोपी ने गला दबाकर छात्रा की हत्या कर दी और बाहर से ताला बंद कर फरार हो गया. लड़की का उम्र आधार कार्ड से 20 साल बताई जा रही है.
पुलिस का यह भी कहना है कि पहले भी कॉलेज कैंपस में चल रहे कार्यक्रम में फोटो लेने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. उसके बाद छात्रा अपने रूम पर आ गई थी. अगले दिन दोपहर 12 बजे आरोपी उसके रूम पर पहुंचा और वारदात को अंजाम देकर भाग निकला. आसपास के लोगों ने भी बताया कि आरोपी लड़का काफी दिनों से लड़की के रूम पर आया करता था.
