पटना सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र के हमाम इलाके में बुधवार की शाम गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया. एक 25 वर्षीय युवक को गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस ने बताया कि घायल युवक की पहचान सूरज कुमार उर्फ जैकी, पिता संजीव प्रसाद, निवासी खतरी लेन, खाजेकला के रूप में की गई है. अस्पताल में दिए बयान के अनुसार, सूरज कुमार शाम को हमाम के पास खड़ा था. इसी दौरान बाइक पर आए दो युवक अपने पास मौजूद छोटे हथियार को लोड-अनलोड कर रहे थे. इसी प्रक्रिया में अचानक फायरिंग हो गई और गोली सूरज कुमार की जांघ में जा लगी. घटना होते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई.
घायल को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को फिलहाल स्थिर बताया है. घटना के बाद खाजेकला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है.
वहीं, इस मामले में डीएसपी डॉक्टर गौरव कुमार ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. एफएसएल को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, दोनों अज्ञात बाइक सवारों की तलाश जारी है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि गोली लापरवाही में चल गई होगी. हालांकि, पुलिस किसी भी संभावित एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है. फिलहाल, पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
