कटिहार जिला के प्राणपुर प्रखंड के रोशना थाना क्षेत्र में गौरीपुर बांध पर कथित गोलीकांड और लूटपाट मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक को लूटपाट के दौरान गोली मारने की बात सही नहीं पाई गई.
एएसपी अभिजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में एफएसएल टीम की मदद से जांच की गई. जांच में पता चला कि घायल युवक राजेश कुमार अपने ममेरे भाई नीतीश कुमार और शुभम यादव के साथ बांध के पास बैठा था. तीनों के पास अवैध हथियार थे. इसी दौरान हथियार की छीना-झपटी में अचानक गोली चल गई, जो राजेश के पैर में लग गई.
एएसपी अभिजीत कुमार सिंह ने रोशना थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आपस मे पिस्टल की छीना झपटी के दौरान अचानक गोली चली थी. साक्ष्य को छुपाने के लिए नीतीश और राजेश ने झूठी रणनीति बनाई थी.
पुलिस ने आरोपी नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल और मैगजीन व दो जिंदा कारतूस बरामद किया है. मामले की जांच अभी जारी है. पुलिस तीसरे अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी कर रही है.
