बेगूसराय में जमीन विवाद बना मौत का कारण: गेहूं कटनी के दौरान चली गोली, किसान की गई जान

News Ranchi Mail
0

                                                                             


   

बेगूसराय में जमीन विवाद एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है. जोकिया-रसलपुर बहियार में गेहूं कटनी के दौरान हुई गोलीबारी में घायल किसान उपेंद्र चौधरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए बड़ा सदमा है, बल्कि क्षेत्र में बढ़ते जमीन विवादों और हिंसा की गंभीर तस्वीर भी पेश करती है.

घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के रसलपुर जोकिया बहियार की है, जहां 6 अप्रैल को जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों पक्षों के बीच पहले मारपीट हुई, फिर अचानक गोलीबारी शुरू हो गई. इसी दौरान किसान उपेंद्र चौधरी को गोली लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया.

डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि करीब साढ़े नौ बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और कोर्ट का फैसला उपेंद्र चौधरी के पक्ष में आया था.

परिजनों के अनुसार, 5 अप्रैल को दूसरे पक्ष के लोग जबरन खेत में गेहूं काटने लगे थे. विरोध करने पर 6 अप्रैल को जब उपेंद्र चौधरी अपने परिवार के साथ खेत पहुंचे, तो पहले से मौजूद आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया. गोली मारने के बाद लाठी-डंडे, रॉड और खंती से बेरहमी से पिटाई की गई, जिसमें तीन अन्य लोग भी घायल हो गए. मामले में 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !