राजधानी पटना के राजा बाजार स्थित पारस अस्पताल में सोमवार (27 अप्रैल) को नौवीं कक्षा के छात्र विशाल की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. गुस्साए परिजन ICU बेड और वेंटिलेटर तक सड़क पर ले आए और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही और पैसे ऐंठने का आरोप लगाते हुए परिसर में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की. उनका आरोप है कि उनका बच्चा पहले ही मर चुका था, फिर भी उसे जिंदा बताकर इलाज के नाम पर पैसे वसूले गए.
इलाज पर लाखों खर्च फिर भी नहीं बची जान
परिजनों के मुताबिक, विशाल के इलाज में करीब 2 लाख रुपए खर्च किए गए. आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने 10% ब्याज पर कर्ज लेकर पैसे जुटाए और अस्पताल में जमा किए. अस्पताल पहुंचते ही करीब 1.35 लाख रुपए कैश जमा कराए गए, लेकिन उचित इलाज नहीं मिलने से विशाल की जान नहीं बच सकी.
मृतक की मामी प्रियंका देवी ने बताया कि विशाल महुआ बाग स्थित बीएमपी स्कूल टहल टोला में नौवीं का छात्र था और अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था. उसके पिता ऋषि चौहान लुधियाना में मजदूरी करते हैं. परिवार ने उम्मीद के साथ उसे बड़े अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता और सही इलाज नहीं मिला.
अस्पताल रिकॉर्ड में डेढ़ लाख की एंट्री
पीड़ित परिजनों के मुताबिक, छात्र को 26 अप्रैल की शाम 6:45 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के बिल में लिखी जानकारी के अनुसार, मृतक विशाल को न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया था, जहां डॉ. अंबुज कुमार इलाज देख रहे थे. उनकी हर विजिट का चार्ज 1810 रुपये था. इसके अलावा CBC जांच का चार्ज 963.90 रुपये था. जनरल/एडमिनिस्ट्रेटिव चार्ज 4570 रुपये था. मरीज की डाइट चार्ट पर 650 रुपये प्रति दिन के हिसाब से खर्च हो रहे थे. कुल मिलाकर करीब डेढ़ लाख रुपए का बिल अस्पताल रिकॉर्ड में दर्ज है.
विवाद के बाद अस्पताल पहुंचा था छात्र
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम महुआ बाग में खेलने के दौरान लड़कों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान एक रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने बैट से विशाल के सिर के पीछे वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
विवाद के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. हंगामे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
.jpg)