ट्रेन रोककर युवती का अपहरण, फिर किया गैंगरेप, पुलिस ने 10 युवकों को हिरासत में लिया

News Ranchi Mail
0

                                                                         


 

गयाजी से एक दिल-दहलाने वाला मामला सामने आया है. गया-पटना रेलखंड पर शनिवार (02 मई) की देर शाम इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया. बेला और चाकंद स्टेशन के बीच बेलागंज थाना क्षेत्र में एक युवती को ट्रेन से जबरन उतारकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पीड़िता जहानाबाद जिले की रहने वाली बताई जा रही है, जो अपने ननिहाल गया जिले के बेलागंज आ रही थी.

बताया गया कि युवती ट्रेन से सफर कर रही थी. इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने चैन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई. इसके बाद युवती को जबरन नीचे उतार लिया गया. आरोप है कि बदमाश उसे सुनसान इलाके में ले गए, जहां अंधेरे का फायदा उठाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद पीड़िता किसी तरह परिजनों और पुलिस तक पहुंची. इसके बाद मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हुई. 

थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में छानबीन शुरू कर दी. संदेह के आधार पर 10 युवकों को हिरासत में लिया गया है. उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कौन-कौन शामिल थे और किसने ट्रेन में चैन पुलिंग की. शनिवार (02 मई) को पीड़िता के आवेदन पर बेलागंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल जांच कराया है. साथ ही घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं. 

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने सुनसान वाले इलाके को वारदात के लिए चुना. विधि-व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला बेहद गंभीर है. पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है. दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

इस घटना ने रेल यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. चलती ट्रेन में चैन पुलिंग कर इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. फिलहाल पुलिस का दावा है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं घटना के बाद बेलागंज समेत आसपास के इलाकों में लोगों में आक्रोश है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !