झारखंड के मोस्टवाटेंड नक्सली इसराइल पूर्ति के शव को सुरक्षाबलों ने 62 घंटों बाद जंगलों से बरामद कर लिया है. उस पर 01 लाख रुपये के इनाम घोषित हो रखा था. बता दें कि बीती 29 अप्रैल को सुरक्षाबलों के साथ उसकी मुठभेड़ हुई थी. इस दौरान उसे गोली लगी थी, लेकिन वह जंगल में भाग गया था. उसकी तलाश में सुरक्षाबल के जवानों ने जंगल की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें नक्सली इसराइल का शव बरामद कर लिया गया. अब उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया गया.
एक मई की देर रात करीब साढ़े 12 बजे शव को चाईबासा सदर अस्पताल लाया गया. एक मई की दोपहर इसराइल पूर्ति के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसकी तैयारी पूरी कर ली हाई है. जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल की भोर तड़के करीब साढ़े 4 बजे टोंटो थाना क्षेत्र के कोल्हान जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुटूगुटू में आमना सामना हो गया था. इसके बाद दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें इसराइल पूर्ति मारा गया. वह लंबे समय से सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में था और उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
बताया जाता है कि इसराइल पूर्ति बचपन में ही नक्सली संगठन के संपर्क में आ गया था. वह उस समय 5वीं कक्षा में पढ़ता था, जब उसे संगठन में शामिल कर लिया गया. शुरुआती दौर में वह नक्सलियों के लिए सामान ढोने का काम करता था, लेकिन धीरे-धीरे वह संगठन में सक्रिय और हिंसक भूमिका निभाने लगा. बाद में उसे बड़े नक्सली नेताओं का बॉडीगार्ड बनाया गया और कई घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आई.
फिलहाल कोल्हान और सारंडा के जंगलों में सुरक्षाबलों द्वारा बड़े पैमाने पर नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है. हजारों की संख्या में जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन में जुटे हैं. पुलिस ने एक बार फिर नक्सलियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट आएं और आत्मसमर्पण करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें.
.jpg)