मुजफ्फरपुर पुलिस ने सट्टेबाजी के अड्डों पर छापेमारी करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया है और लाखों रुपए कैश और 14 मोबाइल भी जब्त किया है. पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद मुजफ्फरपुर शहर में चल रहे सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है. दरअसल, मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र को सूचना मिल रही थी कि शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में सट्टेबाजी का एक बड़ा रैकेट चल रहा है, जहां बेरोजगार युवाओं को सट्टे में अधिक कमाई होने का लालच देकर उनके जीवन से खेला जा रहा है.
एसएसपी के निर्देश पर मिठनपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ सट्टेबाजों के अड्डे पर छापेमारी की और 14 लोगों को गिरफ्तार किया. मौके से तीन लाख 25 हज़ार रुपये कैश के साथ ऑनलाइन सट्टा में उपयोग हो रहे 14 मोबाइल और ताश के पत्ते को जब्त किया.
गिरफ्तार 14 लोगों में से चार लोग पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं. बेरोजगारों को अधिक पैसा कमाने का लालच देकर सट्टा खिलवाया जा रहा था और इनके चंगुल में मुजफ्फरपुर ही नहीं, दूसरे जिलों के भी बेरोजगार युवक फंस रहे थे. लगातार बेरोजगारों को इस धंधे में फंसाने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी.
पूरे मामले को लेकर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि मिठनपुरा थाना क्षेत्र में सट्टेबाजी का बड़ा कारोबार चल रहा था. सूचना पर छापेमारी की गई और 14 लोगों को गिरफ्तार करते हुए 3 लाख 25 हज़ार रुपए नकदी बरामद किए गए. 14 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
.jpg)