बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और बेखौफ अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. यह हाफ एनकाउंटर ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में हुई. यहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर अपराधी के पैर में गोली लगी है. जबकि, उसके दूसरे साथी को पुलिस ने मौके से ही धर दबोचा.
अगमकुआं थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के मकसद से कुछ कुख्यात अपराधी ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में जुटे हैं. सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की, तो खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस की जिप्सी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोली
अपराधियों की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं. पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह वहीं गिर पड़ा. पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए घायल अपराधी और उसके भागते हुए दूसरे साथी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने मौके से अपराधियों की एक बाइक भी बरामद की है. घायल अपराधी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बता दें कि पहले भी कई मामले में दोनों अपराधी आरोपी हैं.
