ई-रिक्शा से ले जाकर ट्रक से मरवाई टक्कर, पटना में फिल्मी स्टाइल में मर्डर, 2 गिरफ्तार

News Ranchi Mail
0

                                                                          


पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र के बुंदेल टोला में 20 मई को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय राजा कुमार की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई. मामले में चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के ही दो करीबी रिश्तेदार श्रवण कुमार और एक नबालिग ने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद मुख्य कारण था.

जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन राजा कुमार को उसके रिश्तेदारों ने बहाने से अपने साथ बुलाया. दोनों आरोपी उसे ई-रिक्शा से लेकर निकले और रास्ते में सुनसान जगह पर ले जाकर एक ट्रक से जोरदार टक्कर दिलवा दी. ट्रक की टक्कर से राजा कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की नीयत से वैशाली जिले के विदुपुर क्षेत्र स्थित 6-लेन के पास फेंक दिया और फरार हो गए.

शव मिलने के बाद रुस्तमपुर ओपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआती दौर में शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके कारण पुलिस ने उसे 72 घंटे तक अस्पताल में सुरक्षित रखा. तय समय बीतने के बाद भी कोई पहचान या दावा नहीं होने पर नियमों के तहत शव को जला दिया गया. बाद में तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस जांच के आधार पर मृतक की पहचान राजा कुमार के रूप में हुई.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक नबालिग को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी आपस में ममेरे-फुफेरे रिश्तेदार थे और प्रेम प्रसंग को लेकर उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. फिलहाल मालसलामी और रुस्तमपुर पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस सनसनीखेज वारदात में कहीं अन्य लोगों की भी तो हाथ नहीं है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !