बिहार की राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक मुठभेड़ हुई. पुलिस ने 27 लाख की बड़ी लूट के एक मुख्य आरोपी मार गिराया है. साथ ही गैंग के तीन अन्य शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है. यह पूरी कार्रवाई बीते दिनों कैश वैन से हुई सनसनीखेज लूट के मामले में की गई है.
दरअसल, पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के उदयनी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस टीम और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ शुरू हो गई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झोल बिगहा कैश वैन लूट कांड से जुड़े कुछ कुख्यात अपराधी उदयनी गांव के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं. इस सूचना के आधार पर जब पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की.
इस दौरान खुद को घिरा देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग करना शुरू कर दिया. पुलिस ने इसके बाद जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं. जिसमें एक अपराधी की मौत हो गई. वहीं, पुलिस ने घेराबंदी कर भाग रहे तीन अन्य अपराधियों को मौके पर ही दबोच लिया.
बता दें कि पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में 18 मई, 2026 को पुलिस और बेखौफ अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. यह हाफ एनकाउंटर ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में हुई थी. यहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर अपराधी के पैर में गोली लगी थी. जबकि, उसके दूसरे साथी को पुलिस ने मौके से ही धर दबोचा था.
