बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' अभियान लगातार जारी है. ताजा मामला खगड़िया जिले से सामने आया है, जहां पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान कुख्यात अपराधी मोहम्मद बुद्दीन गोली लगने से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मोहम्मद बुद्दीन को पैर में गोली लगी है. उसे जख्मी हालत में इलाज के लिए खगड़िया के सदर अस्पताल में भेजा गया है.
बता दें कि अपराधी मोहम्मद बुद्दीन पर 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था. खगड़िया पुलिस की और से उस पर 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था. इस मामले में खगड़िया एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सुचना मिली थी कि अपराधी मोहम्मद बुद्दीन हथियार के साथ सुखाय बासा में छुपा हुआ है. इसके बाद एसटीएफ और बेलदौर थाना की पुलिस ने रेड मारी. इस दौरान अपराधी ने भागने के इरादे से पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
एसपी के अनुसार, मोहम्मद बुद्दीन जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल था और लंबे समय से फरार चल रहा था. बेलदौर थाने में ही उस पर करीब 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसके अलावा सहरसा और मधेपुरा में भी उसके खिलाफ कई मामले होने की जानकारी मिली है. इससे पहले 22 मई को जहानाबाद में पुलिस ने कुख्यात किलर विक्कू उर्फ रावण का हाफ एनकाउंटर किया था. इस मुठभेड़ के दौरान अपराधी की गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी थी.
