बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में वैशाली और जमुई जिलों से शराब तस्करी के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाइयों की खबरें सामने आई हैं. वैशाली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है. पुलिस ने यह कार्रवाई तब की जब शराब तस्कर ट्रक से शराब को अनलोड कर दूसरे वाहन पर रख रहे थे. हालांकि, छापेमारी के दौरान मौके से आधा दर्जन शराब तस्कर फरार हो गए, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
इस बारे में सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि बिदुपुर के मजलिसपुर में पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी की, जहाँ से एक ट्रक पर लदा 966 कार्टन विदेशी शराब बरामद किया गया, जिसकी कुल मात्रा 8636 लीटर है. इसके साथ ही मौके से एक ट्रक और दो पिकअप भी जब्त किए गए हैं. सदर एसडीपीओ ने आगे बताया कि मौके पर 6 से 7 शराब कारोबारी मौजूद थे जो फरार हो गए थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. आपको बता दें कि शराब की बिक्री, भंडारण और सेवन के खिलाफ वैशाली एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत वैशाली पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है.
वहीं, जमुई जिले के चकाई चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. यहां तस्कर एक तीन पहिया मालवाहक वाहन में बिस्किट के कार्टन के नीचे शराब छुपाकर तस्करी कर रहे थे. गुप्त सूचना के आधार पर की गई जांच में उत्पाद विभाग की टीम ने 840 बोतल विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, झारखंड के देवघर से जमुई होते हुए लखीसराय जिले के बड़हिया ले जाई जा रही शराब की इस खेप को चकाई चेक पोस्ट पर पकड़ा गया. वाहन जांच के दौरान जब उत्पाद विभाग की टीम ने मालवाहक वाहन की तलाशी ली, तो बिस्किट के कार्टन के नीचे छुपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार तस्कर की पहचान लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र निवासी आनंदी मंडल के 29 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है.
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि तीन पहिया मालवाहक वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब झारखंड के देवघर से जमुई के रास्ते लखीसराय ले जाई जा रही है. इसी सूचना के आधार पर चकाई चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसमें बिस्किट के कार्टन के नीचे छुपाकर रखी गई 840 बोतल विदेशी शराब मिली. उन्होंने बताया कि मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
.jpg)