वैशाली से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां जमीनी विवाद ने एक युवक की जान ले ली. मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि चाचा ने अपने ही भतीजे की ईंट से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
मामला वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिजलीपुर गांव का है. मृतक की पहचान राजू पासवान के रूप में हुई है, जो रंजीत पासवान का पुत्र था. बताया जा रहा है कि राजू और उसके चाचा संजय पासवान के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. देर शाम दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
आरोप है कि इसी दौरान संजय पासवान ने राजू के सिर पर ईंट से जोरदार हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल राजू को परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा संजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है. राजू पासवान अपने परिवार का इकलौता वारिस था. उसकी शादी इसी साल नवंबर में तय हुई थी. घर में खुशियों की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस घटना ने सारी खुशियां मातम में बदल दी. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
.jpg)