दोस्तों ने ही ली दोस्त की जान, लाठी-डंडों से पीटकर की शिवम की हत्या, इलाके में दहशत

News Ranchi Mail
0

                                                                            


जहानाबाद में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. मामला भेलावर थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव का है, जहां 19 वर्षीय डेकोरेशन संचालक शिवम कुमार उर्फ गोलू की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप गांव के ही उसके कुछ दोस्तों पर लगे हैं. बताया जा रहा है कि शिवम पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

परिजनों के अनुसार, 15 मई की रात शिवम अपने डेकोरेशन के सामान के पास सो रहा था. इसी दौरान उसके कुछ दोस्त वहां पहुंचे और उस पर लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे मरणासन्न हालत में गांव के बधार में फेंककर फरार हो गए.

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मृतक के चाचा को फोन कर घटना की जानकारी दी. इतना ही नहीं, उन्होंने घर पहुंचकर परिजनों को धमकी भी दी. पहले परिवार को इस बात पर भरोसा नहीं हुआ, लेकिन जब खोजबीन की गई तो शिवम खेत में गंभीर हालत में लहूलुहान और अचेत अवस्था में मिला.

आनन-फानन में परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए PMCH रेफर कर दिया. इसके बाद शिवम को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 17 मई की रात उसकी मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !