राजधानी पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के ललित भवन से सटे लिंक पथ में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूर्व मंत्री जमा खान के सरकारी आवास के चार दिवारी से सेट एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ. मृतका की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लड़की की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा.
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. मृतका की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
सचिवालय SDPO 2 साकेत कुमार ने बताया कि शास्त्रीनगर थानांतर्गत ललित भवन के पास एक अज्ञात लड़की का शव बरामद किया गया. FSL टीम एवं डॉग स्क्वाड टीम के सहयोग से आवश्यक साक्ष्य संकलन करते हुए घटना की जांच एवं अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. लड़की के शरीर पर चोट के निशान है हर एक बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
