मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी बाजार में शुक्रवार (15 मई) की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई. किशोरी अपनी बड़ी मम्मी के साथ वट सावित्री पूजा की खरीदारी करने बाजार आई थी, तभी मुंगेर से बरियारपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया, उसका सिर चक्के के नीचे आ गया. मृतका हरदियाबाद केशोपुर के प्रमोद पासवान की पुत्री और नौवीं कक्षा की छात्रा थी.
घटना के बारे में किशोरी की बड़ी मम्मी कविता देवी ने बताया कि मेरे सामने ही हमारी भतीजी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई. बता दें कि इस हादसे से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया. भीड़ का गुस्सा इस कदर फूटा कि वहां मौजूद एक दर्जन से अधिक ट्रकों में तोड़फोड़ की गई. परिजनों का आरोप है कि पुलिस की डायल 112 टीम ने आरोपी चालक को मौके से भगाने में मदद की. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि शुरुआती दौर में पहुंची मुफस्सिल और नया रामनगर थाने की पुलिस को पीछे हटना पड़ा.
बाद में एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर कई थानों की पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए 15 लाख रुपये मुआवजे और दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. ये खबर लिखे जाने तक इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं.
