बीते दिनों भाजपा के पूर्व मंत्री के करीबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अब इस मामले में पुलिस ने एक शार्प शूटर को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है. पूछताछ में सुपारी किलिंग और शूटर गैंग का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस के अनुसार, मृतक के चचेरे भतीजे ने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी. फिलहाल मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
दरअसल, गरहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर भगत गांव में 24 मार्च को अपराधियों ने हरिभगत की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपने बेटे के साथ मौजूद थे. बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. पेट और सिर में गोली लगने से हरिभगत गंभीर रूप से घायल हो गए थे. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
इसी बीच 14 मई की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से गरहा की ओर जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड देसी कट्टा, मोबाइल फोन और स्मैक बरामद की गई. हिरासत में लेकर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ शुरू की.
पूछताछ में आरोपी ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली. उसने बताया कि हरिभगत की हत्या 5 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या की साजिश मृतक के चचेरे भतीजे रविकांत कुमार ने रची थी. पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों के भी पकड़ में आने की उम्मीद जताई जा रही है.
.jpg)