राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली ब्रांड के नाम पर चांदी के आभूषण बेचने वाले एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है. शुक्रवार (19 जून) को बाकरगंज स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर की गई छापेमारी में करीब 11 किलोग्राम चांदी के पायल और बिछिया बरामद किए गए. इस दौरान दुकान के मालिक और एक कर्मी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से बाकरगंज बाजार में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, आगरा निवासी व्यवसायी अशोक कुमार गुप्ता ने पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी कंपनी MRDX के नाम और ब्रांड का दुरुपयोग करते हुए पटना में कुछ कारोबारी नकली चांदी के आभूषण तैयार कर बाजार में बेच रहे हैं. इससे उनकी कंपनी की प्रतिष्ठा और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे थे. शिकायत मिलने के बाद पीरबहोर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया. पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर बाकरगंज स्थित आरपी बंधेल हाउस ज्वेलरी में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में चांदी के पायल और बिछिया बरामद किए गए.
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए आभूषणों का कुल वजन लगभग 11 किलोग्राम है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान के मालिक रवि सोनी और उनके कर्मचारी प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नकली ब्रांड के नाम पर तैयार किए गए उत्पादों की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जा रही थी. मामले को लेकर आगरा से पटना पहुंचे शिकायतकर्ता अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाकरगंज बाजार में उनकी कंपनी के नाम से मिलते-जुलते और डुप्लीकेट उत्पाद बेचे जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि इससे ग्राहकों के बीच उनकी कंपनी की साख प्रभावित हो रही थी. इसी कारण उन्होंने कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया और पटना पुलिस से शिकायत की. फिलहाल, पुलिस जब्त किए गए आभूषणों की जांच कर रही है. मामले में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन, धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
.jpg)