पश्चिमी चंपारण के बगहा में पुलिस ने 19 जून, 2026 दिन शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने लूट, चोरी और छिनतई की कई घटनाओं में शामिल एक संगठित अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. साथ ही गिरोह के 9 अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, कारतूस, लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद किया है. शातिर तनवीर खान गिरोह का एसपी रामानंद कुमार कौशल ने खुलासा किया है.
बगहा के एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि शातिर अपराधी तनवीर खान संगठित गिरोह बनाकर कई इलाकों में लूट और डकैती समेत चोरी और छिनतई की घटनाओं को लंबे समय से अंजाम दे रहा था. लिहाजा, सदर SDPO निहार भूषण और रामनगर SDPO रागिनी कुमारी ने टीम गठित कर छापेमारी किया, जहां बदमाश तनवीर खान अपने गुर्गों के साथ हथियार समेत धर दबोचा गया.
दरअसल, भैरोगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हराह नदी के किनारे स्थित एक आम के बगीचे में कुछ संदिग्ध लोग एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने बगीचे की घेराबंदी कर सघन छापेमारी की. इस दौरान पुलिस को देखकर सभी संदिग्ध भागने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया.
पुलिस की ओर से ली गईं तलाशी के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा, एक धारदार चाकू, 11,740 रुपये नकद, लूट में इस्तेमाल दो बाइक, छह मोबाइल फोन और हाल ही में हुईं लूट की घटनाओं में छीने गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह का संचालन पेशेवर अपराधी तनवीर खान करता था. वह अपने साथियों के साथ सुनसान स्थानों पर बैठकर लूटपाट की योजना बनाता था. लूटे गए सामान को मुराद अली और कुनैन अंसारी के माध्यम से झुंझुनू उर्फ जूना तक पहुंचाया जाता था, जहां उसे बेचकर नकदी हासिल की जाती थी.
गिरफ्तार अपराधियों में तनवीर खान, गुड्डू अंसारी उर्फ इफ्तेखार, नबी आलम, मुराद अली, कलाम आलम, सरफराज आलम, कुनैन अंसारी, झुंझुनू उर्फ जूना और बिट्टू जायसवाल शामिल हैं. इनमें तनवीर खान समेत कुछ अन्य अपराधियों पर हत्या, हत्या के प्रयास, गृहभेदन, चोरी और लूट जैसे गंभीर मामलों के कई पुराने मुकदमे दर्ज हैं. ये पहले भी जेल जा चुके हैं. इस संबंध में भैरोगंज थाना में कांड संख्या 92/26 दर्ज कर सभी अपराधियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इन सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
