बेगूसराय में महिला के साथ गैंगरेप की जघन्य वारदात के बाद अब राजधानी पटना भी शर्मसार हो गई है. यहां भी दो युवतियों के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, दानापुर अनुमंडल के नौबतपुर थाना क्षेत्र में झारखंड की दो डांसर बहनों के साथ दरिंदगी की घटना सामने आई है. पीड़ित बहनों ने 13 लोगों पर सामुहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पीड़ित दोनों बहनें झारखंड की रहने वाली हैं और दानापुर में एक तिलक समारोह में डांस कार्यक्रम करने के लिए आई थीं. पीड़ित बहनों ने नौबतपुर थाने में 10 नामजद और तीन अज्ञात पर गैंगरेप करने का मुकदमा दर्ज कराया है. इस मामले में नौबतपुर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
पीड़ित बहनों का आरोप है कि नौबतपुर थाना क्षेत्र के बेलूरा रामपुर निवासी मुन्ना कुमार ने उन्हें 18 जून को एक तिलक समारोह में डांस प्रोग्राम करने के बुलाया था. जब वह दोनों यहां पहुंची तो उन्हें बंधक बना लिया गया. इसके बाद दोनों बहनों के साथ 13 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित बहनों ने मुन्ना कुमार, उसके चचेरे भाई सूरज कुमार और मुन्ना कुमार के दोस्त भानु कुमार समेत 13 लोगों पर गैंगरेप करने का मुकदमा दर्ज कराया है. नौबतपुर पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िताओं की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों और पीड़िताओं के बयान के आधार पर एक आरोपी मुन्ना कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. इस मामले में फुलवारी शरीफ डीएसपी 2 दीपक कुमार ने बताया कि 19 जून को नौबतपुर थानांतर्गत दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने संबंधी सूचना संज्ञान में आई है. पुलिस टीम द्वारा तत्काल पीड़िताओं से संपर्क स्थापित कर बयान दर्ज कराया जा रहा है और उनका आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है.
डीएसपी ने बताया कि FSL टीम की ओर से घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन कर अग्रतर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है. पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपियों को भी जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
