नालंदा जिला के राजगीर में मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर एक नया और बेहद चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. 15 जून को राजगीर थाना क्षेत्र के झुनकईयां बाबा मंदिर के पास चोरी के आरोप में दो युवकों की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी. घटना के दो दिन बाद अब इस मॉब लिंचिंग का कथित लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भीड़ में शामिल लोग दो युवकों को घेरकर बेरहमी से पीट रहे हैं. वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडों और हाथ-पैरों से हमला करते नजर आ रहे हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि समाज में शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश देने वाले कुछ साधु-संत भी इस मारपीट में शामिल दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो में कथित तौर पर साधु वेशधारी लोग भी युवकों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं. वायरल वीडियो में युवक रहम की भीख मांग रहा है, लेकिन भीड़ का क्रूर चेहरा पीटते दिखाई दे रही है. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
राजगीर थाना पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और किसने बनाया और इसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है.
वहीं, घटना के बाद से इलाके में मॉब लिंचिंग को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है. हालांकि, जी मीडिया इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
