रांची,: कोयला आपूर्ति के नाम पर करीब 29 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में रांची के बीआईटी मेसरा ओपी में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता कारोबारी अभिषेक कुमार ने आरोप लगाया है कि एडवांस राशि लेने के बावजूद न तो कोयले की आपूर्ति की गई और न ही पैसा वापस किया गया।
शिकायत के अनुसार, उनकी कंपनी श्रीहरी कार्बन एनर्जी एंड मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने वर्ष 2025 में एसके सिवांस एस्टेब्लाइजर प्राइवेट लिमिटेड के साथ कोयला आपूर्ति का समझौता किया था। सौदे के तहत अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस के माध्यम से 29 लाख रुपये से अधिक की राशि अग्रिम भुगतान के रूप में भेजी गई।
आरोप है कि भुगतान प्राप्त करने के बाद भी तय समय पर कोयले की आपूर्ति नहीं की गई। जांच के दौरान जिस कोयला स्टॉक को दिखाकर सौदा किया गया था, वह भी मौके पर मौजूद नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार पूछताछ करने पर संबंधित लोग बहाने बनाकर समय टालते रहे।
मामले में अविनाश कुमार गुप्ता और अवधेश पाठक की भूमिका भी सामने आने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, कोयला नहीं मिलने के कारण उनका ऑर्डर रद्द हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं एडवांस राशि वापस मांगने पर कथित रूप से टालमटोल और धमकी भरे जवाब दिए गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
