राजधानी पटना के मसौढ़ी में पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाला कुख्यात अपराधी हैदर भी पुलिस की गोली से मारा गया है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में हैदर को गोली लगी थी, इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद अपराधी के साथी उसे लेकर विभिन्न अस्पतालों में भटकते रहे. अंत में उसे पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पारस अस्पताल पहुंचे. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश के साथी उसकी लाश छोड़कर मौके से फरार हो गए.
बता दें कि शुक्रवार (12 जून) की शाम को मसौढ़ी में पुलिस की एक टीम स्मैक तस्करों को दबोचने गई थी, जहां खाकी पर जानलेवा हमला किया गया. पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग की थी. अचानक हुए इस जानलेवा हमले में मसौढ़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष (एडिशनल SHO) राहुल कुमार और सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार गोली लगने से घायल हो गए थे.
पटना एम्स (AIIMS) में दोनों पुलिस अधिकारियों का इलाज चल रहा है. इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई थी. इस जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से हैदर घायल हो गया था. जानकारी के मुताबिक, गोली लगने के बाद हैदर के साथी उसे लेकर पुनपुन अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
पीएमसीएच में भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू की गई और एडमिशन रसीद तक कटवा ली गई, लेकिन किसी आशंका के चलते उसके साथी उसे वहां से लेकर चुपचाप निकल गए और पारस अस्पताल में भर्ती कराया. वहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई.
