बिहार की राजधानी पटना के पालीगंज में शराब माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस टीम पर ही सीधा हमला बोल दिया. मिली जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम 30 जून, 2026 दिन मंगलवार की देर शाम पालीगंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब और नशेड़ियों के खिलाफ छापेमारी करने निकली थी. इसी दौरान शराब के धंधेबाजों ने पुलिस की गाड़ियों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
दरअसल, आबकारी विभाग के अधिकारी बैद्यनाथ यादव ने कहा कि विभाग की टीम तीन अलग-अलग वाहन से छापेमारी के लिए निकली थी. महराजगंज, मुसहरी में छापेमारी के दौरान टीम ने पांच पियक्कड़ों को पकड़कर स्कॉर्पियो में बैठा लिया और आबकारी थाना पालीगंज के जाने लगी. अभी आबकारी की टीम अख्तियारपुर पुल के पास पहुंची ही थी कि पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने फायरिंग कर दी.
उन्होंने बताया कि गोली स्कॉर्पियो के दाहिने गेट के शीशे में छेद करते हुए बाएं गेट के शीशे से बाहर निकल गई. इस घटना में पियक्कड़ों के साथ बैठा आबकारी का जवान प्रिंस कुमार मिश्रा बालबाल बच गया.
उत्पाद अधीक्षक अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है. मामले की जांच आबकारी विभाग के साथ साथ स्थानीय थाने की पुलिस कर रही है. विभिन्न पहलुओं पर जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि वाहन पर गोली चलाई गई या ईंट-पत्थर.
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. आवेदन मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल हो गए.
.jpg)