वैशाली जिले से बड़ी खबर सामने आई है. यहां मुहर्रम को लेकर डीजे जब्त करने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है. घटना वैशाली जिले के महनार इलाके की है, जहां मुहर्रम के मद्देनजर प्रशासन द्वारा डीजे जब्ती अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस टीम पर कुछ उपद्रवियों ने हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार स्वयं मोर्चा संभालते हुए घटनास्थल पहुंचे. उनके नेतृत्व में चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं घटनास्थल पर मौजूद लोगों की ओर से बनाए गए वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है.
पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण बताई जा रही है. पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. एसडीपीओ प्रवीण कुमार भारी संख्या में पुलिस बल को लेकर लगातार शहर में फ्लैग मार्च कर रहे हैं.
इससे पहले अररिया जिले से ऐसा ही एक मामला सामने आया था. यहां आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया था, जिससे पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. पुलिस पर हमले की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंची और 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था. यह घटना फारबिसगंज के रामपुर उत्तर में हुई थी.
