भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रामपुर सनदिया गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए बवाल मामले में पुलिस ने एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का काम किया है. इस मामले में अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. बता दें कि तीन दिन पहले रामपुर सनदिया गांव में भूमि कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तनाव और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी.
घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस सक्रिय हुई और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष अभियान चलाया. पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में इस बार जिन आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें विकास कुमार उर्फ ओम, विद्या शंकर आजाद उर्फ बबुआ, सुमित कुमार सिंह, सूरज कुमार उर्फ आरएस, रंजन कुमार उर्फ रॉकी कुमार, कृष्णमुरारी कुमार, दीपक कुमार तथा एजी राज कुमार शामिल हैं. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पूर्व भी इसी मामले में आठ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. भोजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. जमीन विवाद या अन्य किसी मामले में हिंसा और उपद्रव करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
