बिहार सरकार के खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने अपने पूर्व निजी सहायक (PA) निशांत केतु झा के खिलाफ पटना साइबर थाने में मामला दर्ज कराया है. मंत्री की ओर से दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के हैंडल का नियंत्रण अब भी पूर्व PA के पास है, जबकि वह काफी पहले सेवा छोड़ चुके हैं.
शिकायत के अनुसार, मंत्री कार्यालय की ओर से कई बार अकाउंट का एक्सेस वापस करने का आग्रह किया गया, लेकिन निशांत केतु झा ने कथित तौर पर इसके बदले रुपये की मांग की. आरोप है कि उन्होंने गलत तरीके से मंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट को अपने नियंत्रण में बनाए रखा है और अधिकृत टीम को उसका एक्सेस नहीं दिया जा रहा है.
साइबर थाना में दी गई शिकायत के अनुसार, निशांत केतु झा लंबे समय तक मंत्री अशोक चौधरी के डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया अकाउंट्स का मैनेजमेंट देख रहे थे. कुछ समय पहले किन्हीं वजहों से उन्हें सेवा से हटा दिया गया था. सेवा समाप्ति के बाद स्थापित नियमों के तहत उन्हें मंत्री के सभी आधिकारिक और व्यक्तिगत सोशल मीडिया हैंडल्स के यूजर आईडी और पासवर्ड नई अधिकृत टीम को सौंपने थे. मगर, उन्होंने ऐसा नहीं किया.
साइबर थाना के डीएसपी नीतीश चंद्र धारिया ने कहा कि मामले को गंभीरता को देखते हुए पटना साइबर थाना ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपों की सत्यता और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है.
