मुजफ्फरपुर में बड़ा खुलासा: सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

News Ranchi Mail
0

                                                                        


मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड बताए जा रहे दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों युवक बेरोजगार युवाओं को होमगार्ड समेत अन्य सरकारी नौकरियों में बहाली का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे. पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी. गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी कार्रवाई की जाएगी.

दरअसल, मुजफ्फरपुर जिले की सिकंदरपुर थाना पुलिस ने एक सूचना के आधार पर मरीन ड्राइव के समीप छापेमारी कर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से ठगी करते हुए दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान पानापुर करियात निवासी शुभम कुमार और सुशांत कुमार के रूप में हुई है. इनमें से एक सीआरपीएफ में जबकि दूसरा रोहतास पुलिस में कार्यरत है. पुलिस के अनुसार, दोनों होमगार्ड में बहाली कराने के नाम पर युवाओं से रुपये की ठगी करते थे. पुलिस ने इनके पास से एक काले रंग की लग्जरी कार भी जब्त की है.

पूरे मामले पर सिटी SP मोहीबुल्ला अंसारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो पुलिसकर्मी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी कर रहे हैं. सूचना के आधार पर सिकंदरपुर थाना पुलिस ने मरीन ड्राइव के समीप छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक सीआरपीएफ और दूसरा रोहतास पुलिस में कार्यरत है. दोनों का काम होमगार्ड में बहाली कराने का झांसा देकर युवाओं से रुपये ऐंठना था. फिलहाल, दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके आधार पर पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने का काम जारी है.


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !