भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक सरेआम पुलिसकर्मियों के सामने पिस्तौल ताने हुए और उन्हें धमकी देते हुए नजर आ रहा है. वीडियो में युवक न केवल पुलिस को चुनौती दे रहा है, बल्कि फिल्मी अंदाज में डायलॉग बोलते हुए खुद को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है. वह पुलिस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कह रहा है कि पुलिस रिश्वत लेकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है. यह पूरा मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव का है. वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान भरत तिवारी के रूप में हुई है. इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन और लोगों के बीच हड़कंप मच गया. खुलेआम कानून को चुनौती देने और पुलिस को धमकाने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं.
इस पूरे मामले को लेकर शाहपुर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है. प्रारंभिक छानबीन और पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी भरत तिवारी की दिमागी हालत पिछले दो-तीन वर्षों से ठीक नहीं है. पुलिस के अनुसार, मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण ही उसने इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया. कानून व्यवस्था के लिहाज से यह घटना काफी संवेदनशील है, क्योंकि एक विक्षिप्त व्यक्ति के पास घातक हथियार का होना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है. फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक के पास पिस्तौल कहां से आई?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने समाज के हर वर्ग का ध्यान खींचा है, जहां एक तरफ लोग पुलिस की सूझबूझ की प्रशंसा कर रहे है. वहीं, कई लोग सवाल भी उठा रहे हैं. मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के हाथ में पिस्तौल को लेकर भी बहस भी छिड़ गई है. उचित कदम उठाने की बात कही जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
भोजपुर पुलिस ने आम जन से अपील किया है कि इस तरह की वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल नहीं किया जाए. इससे शांति भंग होने की उम्मीद जताई गई है. पुलिस ने अपनी अपील में यह भी बताया है कि मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को पुलिस अभिरक्षा में उसको मानसिक आरोग्यशाला में भेजने हेतु संपर्क कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि युवक के पास घातक हथियार कहां से आया? फिलहाल, यह जांच का विषय है.
