राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के दफ्तर पर मंगलवार (16 जून) की देर रात पेट्रोल पंप से हमला करने की घटना सामने है. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात दो अपराधियों की ओर से सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर आरएसएस दफ्तर के अंदर फेंकने की कोशिश की गई. हालांकि, बाउंड्री से ठीक पहले ही दोनों बोतल गिर गए. इस हमले में आरएसएस कार्यालय को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एफएसएल सहित कई टीमों को लगाया गया है. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश नजर आ रहे हैं. दोनों की तस्वीर से उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. घटना के बाद से इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना सुनियोजित लग रही है, हालांकि अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है.
इस घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी सहित कई विधायक और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लगभग 12:36 बजे, दो लोगों ने आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका. वे कार से आए थे और उनके साथ मोटरसाइकिलें भी थीं. यह एक गंभीर मामला है क्योंकि यह किसी बड़ी घटना की तैयारी थी. हमने इस बारे में डीसी से बात की है.
