अतिक्रमण खाली कराने पहुंचे थे कोर्ट के अधिकारी, लोगों ने कार से खींचकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

News Ranchi Mail
0

                                                 


                            

मधुबनी में कोर्ट के आदेश से अतिक्रमण खाली कराने पहुंची पुलिस टीम, मजिस्ट्रेट और कोर्ट के अधिकारियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस दौरान भीड़ ने कोर्ट कर्मी को कार से खींचकर निकाला और दौड़ा दौड़ा कर पीटा. घटना बेनीपट्टी थाना के अधवारी गांव की है. दरअसल, प्रशासन की ओर से जब घर खाली कराने की कार्रवाई शुरू की गई, तभी उक्त घर का स्वामी राजेंद्र ठाकुर ने आत्मदाह की कोशिश में खुद को आग लगा ली. वह खुद को आग लगाकर घर से बाहर निकला. राजेंद्र ठाकुर को जलता देख भीड़ उग्र हो गई और अधिकारियों पर टूट पड़ी. कई अधिकारी और पुलिस अधिकारी जान बचाकर भाग निकले, लेकिन भाग रहे कोर्ट कमिश्नर रत्नाकर झा को लोगों ने कार से खींच लिया और जमकर पिटाई की.

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा है. पीड़ित राजेंद्र ठाकुर के परिजनों की माने तो कोर्ट ने पहले उनके पक्ष में फैसला दिया था, फिर दूसरे पक्ष में फैसला आया. जिसके बाद बगैर किसी पूर्व नोटिस के घर तोड़ने के लिए प्रशासन पुलिस पहुंच गई. इस दौरान पीड़ित राजेंद्र ठाकुर को विपक्षी महेंद्र यादव के लोगों ने मिट्टी तेल उड़ेलकर आग लगा दिया. आग में बुरी तरह झुलसे बुजुर्ग राजेंद्र ठाकुर को सदर अस्पताल मधुबनी रेफर किया गया, जहां भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीओ शारंग पानी पाण्डेय और डीएसपी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फिलहाल, अधवारी गांव में हालत तनावपूर्ण बनी हुई है. डीएसपी अमित कुमार ने बताया एहतियातन गांव में आस-पास के कई थानों की पुलिस कैंप कर रही है. कोर्ट कर्मी को बुरी तरह से पीटा गया है, जिसकी जांच की जा रही है.

डीएसपी ने बताया कि बगैर पूर्व नोटिस के अतिक्रमण खाली नहीं कराया जाना चाहिए. मामले की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी होगा, उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया है. हालांकि, अभी स्थिति नियंत्रण में है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !