सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र से एक साल पहले अपनी मां और बहन के साथ गायब हुई 9 साल की बच्ची को पुलिस ने खोज निकाला है. मासूम बच्ची को पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड 4 कृष्णापुरी मोहल्ले में स्थित एक मकान से बरामद किया है. बताया जा रहा है कि एक साल पहले पिपरा थाना क्षेत्र के कौशलीपट्टी वार्ड 7 निवासी मनीष कुमार की पत्नी अपनी दो बच्चियों के साथ अचानक से गायब हो गई थी. इसको लेकर पीड़ित परिजन ने थाने में लिखित शिकायत भी की थी. पुलिस जांच के बाद भी तीनों का कहीं सुराग नहीं मिल रहा था. गायब दोनों बच्चियां तो बरामद हो गई हैं, लेकिन मां का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है.
जानकारी के मुताबिक, एक महिला दोनों बच्चियों को अपने घर में बंद करके रखे हुई थी. बच्ची के चहरे पर कई जख्म के निशान भी हैं, जिससे उसके साथ हुई मारपीट की आशंका जाहिर की जा रही है. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है. पूरी घटना को लेकर बच्ची के पिता मनीष कुमार ने बताया कि 13 जुलाई 2025 से उसकी पत्नी रूबी कुमारी और उनकी दो बच्चियां, जिनकी उम्र करीब 10 वर्ष और 8 वर्ष है, अचानक घर से गायब हो गई थीं. जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पिपरा थाना में की थी, लेकिन इस मामले में कोई पहल नहीं हुई.
मनीष कुमार ने बताया कि 2 दिन पहले उसकी बड़ी बेटी ने अचानक से उन्हें फोन कर बताया कि उसका अपहरण कर एक कमरे में रखा गया था, वह किसी तरह वहां से भाग निकली है. जिसके बाद मनीष ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त घर की तलाशी ली तो घर में मनीष की छोटी बेटी एक कमरे में बंद मिली. उसके चेहरे पर चोट के कई निशान भी थे. बच्ची काफी डरी-सहमी हुई थी. छोटी बच्ची ने बताया कि दोनों बहनों को करीब एक साल से कमरे में बंद करके रखा गया था.
उसने बताया कि एक साल पहले उसे मां और बहन के साथ यहां लाया गया था. बच्ची के मुताबिक, अपहरण के कुछ दिन बाद ही उसकी मां को कहीं गायब कर दिया गया और दोनों बहनो को कमरे बंद करके रखा गया था. वहीं आरोपी महिला ने अपहरण के आरोपों से साफ इनकार किया. उसने कहा कि इस बच्ची की मां यहां से भाग गई है, तब से ही वो इन बच्चियों की देखभाल कर रही है. आरोपी महिला की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र निवासी बीबी गुलशन उर्फ लालो के रूप में हुई है.
एक साल बाद बच्चियों की बरामदगी से केस चर्चा में आ गया है. हर चौक-चौराहे पर इसी केस की चर्चा हो रही है. फिलहाल, मनीष कुमार की पत्नी रूबी कुमारी की बरामदगी अब तक नहीं हुई है. वो कहां है और किस हाल में है? इसकी पड़ताल पुलिस द्वारा की जा रही है. इस बाबत सुपौल सदर SDPO राजीव रंजन ने बताया कि बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है, उक्त आरोपी महिला बीबी गुलशन से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है.
