शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांडः मुख्य आरोपी बाबुल चौधरी दरभंगा एयरपोर्ट से गिरफ्तार, रक्सौल से सहयोगी भी धराया

News Ranchi Mail
0

                                             


       

मुजफ्फरपुर के बहुचर्चित शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी बाबुल चौधरी उर्फ रविकांत को दरभंगा एयरपोर्ट के पास से धर दबोचा है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी दिल्ली भागने के प्रयास में था. हालांकि, सही समय पर पुलिस को इसकी भनक लग गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने बाबुल चौधरी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. बता दें कि शूटर गोविंद शर्मा की हत्या के बाद बाबुल चौधरी का एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें उसने (बाबूल चौधरी) इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की थी.

उसने खुले तौर पर कहा था कि मैंने ही गोविन्द को मारा. वायरल ऑडियो में बाबुल चौधरी कह रहा था कि गोविंद शर्मा को हम ही मारे हैं. वो हमारे काम में डिस्टर्ब कर रहा था. हम उसे नहीं मारते तो वो हमको मार देता. उसने आगे कहा था कि मुझे मुजफ्फरपुर पुलिस से किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है. मुजफ्फरपुर पुलिस जिस तरह मुझे कहेगी, मैं वह करूंगा. इस ऑडियो के वायरल होने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के मुताबिक, बाबुल से पूछताछ के बाद पुलिस ने रक्सौल से उसके सहयोगी सौरव कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है. 

सूत्रों के अनुसार, आरोपी बाबुल चौधरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे लेकर घटनास्थल छोटी कल्याणी रोड स्थित आइकन टावर पहुंची, जहां क्राइम सीन को दोबारा समझने के लिए विस्तृत पूछताछ की गई. इसके बाद उसे गुदरी इलाके लेकर जाया गया, जहां से उसकी निशानदेही पर खून से सना कपड़ा बरामद हुआ है. 

पुलिस पूछताछ में आरोपी बाबुल चौधरी ने कबूल किया है कि उसके और गोविन्द के बीच जमीन कारोबार और वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. शहर के अलग-अलग स्थानों पर तीन जमीनों को लेकर दोनों के बीच तनातनी चल रही थी. इसके अलावा विश्वविद्यालय की ठेकेदारी को लेकर भी दोनों के बीच विवाद था.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !