राजधानी पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत खगौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. त्रिभुवन मोड़ के पास स्थित द ड्रैगन होटल में की गई संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल संचालकों, महिला दलाल और ग्राहकों समेत कुल 18 महिला-पुरुषों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया. यह छापेमारी दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में खगौल और रूपसपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की.
आपत्तिजनक सामान बरामद
पुलिस ने होटल की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामान, सेक्स वर्धक दवाइयां और 40 हजार रुपये से अधिक नकद बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्क्यू की गई लड़कियों को पश्चिम बंगाल से लाकर देह व्यापार में धकेला गया था. पुलिस ने इस मामले में दो होटल संचालकों और एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
दानापुर डीएसपी तो अमरेंद्र कुमार झा के अनुसार, रेस्क्यू की गई तीनों नाबालिग लड़कियों को बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है. मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस सेक्स रैकेट के नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय लोगों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है.
