बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' जारी है. इसी कड़ी में खगड़िया में मंगलवार (14 जुलाई) की देर रात पुलिस ने एक बदमाश का हाफ एनकाउंटर कर दिया. जानकारी के मुताबिक, पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में अपराधी के पैर में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. यह घटना बेलदौर थाना क्षेत्र के रांकी बासा के पास की है. बताया जा रहा है कि पुलिस यहां वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी.
इसी दौरान तीन संदिग्ध दिखाई दिए. पुलिस टीम ने रोककर तलाशी लेनी चाही, लेकिन आरोपी अपने दो साथियों के साथ पुलिस की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश करने लगा. उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो अन्य साथी फरार होने में कामयाब रहे. आरोपी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करा दिया है. वहीं, एनकाउंटर की सूचना मिलने पर खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि बेलदौर पुलिस देर रात सकरोहर कुर्वन पथ पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध लोगों को पुलिस ने रोककर जांच शुरू की. वाहन चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों ने दारोगा की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करके भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई. पुलिस टीम ने पहले हवाई फायरिंग की और फिर उसके पैर में गोली मार दी. पैर में गोली लगते ही अपराधी जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए. पुलिस की गोली से घायल हुए अपराधी का नाम अखिलेश सदा बताया जा रहा है.
.jpg)