गुड्डू यादव गैंग पर शिकंजा: 25 ठिकानों पर रेड में 34.19 लाख कैश, 79 कारतूस और सैकड़ों जमीन के दस्तावेज जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार

News Ranchi Mail
0

                                             

    

बिहार में संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए गुड्डू यादव और उसके पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है. आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या-14/26 के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मंगलवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई, विशेष कार्य बल (STF), जमुई एवं शेखपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने जमुई और शेखपुरा जिले में एक साथ 25 ठिकानों पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में 34 लाख 19 हजार 500 रुपये नकद, 79 राउंड राइफल की गोलियां, एक देशी कट्टा, भारी मात्रा में जमीन के दस्तावेज, बैंक पासबुक, निवेश संबंधी कागजात और कई वाहनों के दस्तावेज बरामद किए गए. साथ ही पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है.

आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार गुड्डू यादव के खिलाफ आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या-14/26, दिनांक 27 जुलाई 2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. जांच में सामने आया कि गुड्डू यादव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह बनाया, जो राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी, फर्जी विक्रेता खड़ा कर जमीन का फर्जी निबंधन, अवैध कब्जा, रंगदारी, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में लंबे समय से सक्रिय था.

15-16 वर्षों में खड़ा किया करोड़ों की संपत्ति का साम्राज्य
EOU के अनुसार गुड्डू यादव और उसके गिरोह ने पिछले 15-16 वर्षों में अपराध के जरिए बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित की. आरोप है कि अपराध और दहशत के बल पर राजनीतिक प्रभाव भी स्थापित करने की कोशिश की गई. गुड्डू यादव की पत्नी दुलारी देवी वर्तमान में जमुई जिला परिषद अध्यक्ष हैं. जांच में पाया गया कि वर्ष 2000 से अपराध जगत में सक्रिय गुड्डू यादव के खिलाफ जमुई, लखीसराय और नवादा जिले के विभिन्न थानों में 39 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, अपहरण, लूट, सरकारी कर्मियों पर हमला, आर्म्स एक्ट और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर मामले शामिल हैं.

17 सदस्यीय गैंग के खिलाफ प्राथमिकी
आर्थिक अपराध इकाई ने गुड्डू यादव सहित उसके 17 सदस्यीय संगठित गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज किया है. गिरोह में बाबूलाल यादव, ललन यादव, भूषण यादव, छोटू यादव, विपिन यादव, प्रमोद यादव, नैयर उर्फ नैरू खान, शहनवाज अली, प्रवीण मिश्रा, राकेश उर्फ सोनू यादव, आलोक मिश्रा, मनोज यादव, रघुनंदन यादव, शंभू यादव, अनुज यादव समेत अन्य शामिल हैं. अधिकांश मामलों में न्यायालय द्वारा संज्ञान भी लिया जा चुका है

पत्नी के नाम पर भी करोड़ों की संपत्ति
जांच में खुलासा हुआ कि गुड्डू यादव और उसकी पत्नी दुलारी देवी के नाम पर 29 संपत्तियां जमुई एवं सिकंदरा में निबंधित कराई गईं. इनका निबंधन मूल्य 2 करोड़ 57 लाख 50 हजार रुपये है, जबकि सरकारी सर्किल रेट के अनुसार इनकी कीमत 7 करोड़ 59 लाख 67 हजार रुपये बताई गई है. EOU का आरोप है कि सरकारी मूल्य से लगभग एक-तिहाई राशि पर संपत्तियों का निबंधन कराया गया.

इसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्यों ने 61 दस्तावेजों के माध्यम से 3 करोड़ 37 लाख 78 हजार रुपये के निवेश से संपत्तियां खरीदीं, जिनकी सरकारी सर्किल रेट के अनुसार कीमत 6 करोड़ 65 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है.

जांच में यह भी सामने आया कि गुड्डू यादव और उसकी पत्नी के 10 बैंक खाते हैं. साथ ही अमित कुमार भगत, रामविलास यादव, रंजीत केशरी, संजीव कुमार, विशाल कुमार, अफताब खान, अनिश कुमार, छोटन यादव और बालेश्वर महतो समेत कई लोगों के नाम पर भी संपत्तियां निबंधित कराई गई हैं.

25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद मंगलवार सुबह 08:30 बजे EOU, STF, जमुई और शेखपुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से 25 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई को संगठित अपराध के आर्थिक तंत्र पर बड़ी चोट माना जा रहा है.

गुड्डू यादव के ठिकानों से क्या मिला?
सिकंदरा चौक स्थित आवास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, जमीन खरीद से जुड़े 25 दस्तावेज, ट्रैक्टर खरीद के कागजात मिले. पैतृक मकान से 12 भूमि संबंधी दस्तावेज, 10 बैंक पासबुक, बोलेरो, स्कूटी समेत अन्य वाहनों के कागजात बरामद हुए.

सिकंदरा थाना मोड़ स्थित पेट्रोल पंप कार्यालय से 14 भूमि दस्तावेज, चार बैंक पासबुक और 79 राउंड राइफल की गोलियां बरामद हुईं. गोलियों के संबंध में सिकंदरा थाना में अलग से कार्रवाई की जा रही है.

अन्य आरोपियों के यहां भी भारी बरामदगी
बाबूलाल यादव के यहां से 52 से अधिक भूमि संबंधी दस्तावेज, स्कॉर्पियो के कागजात मिले और उसे गिरफ्तार किया गया. भूषण यादव के यहां से जमीन के दस्तावेज और बैंक पासबुक मिली तथा उसे गिरफ्तार किया गया. छोटू यादव के यहां से सात भूमि दस्तावेज, पांच बैंक पासबुक, कंबाइन मशीन के कागजात, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए. विपिन यादव के यहां से 15 लाख 6 हजार 500 रुपये नकद, दो भूमि दस्तावेज, बैंक खाते तथा तीन ट्रकों के कागजात बरामद हुए. उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया.


प्रमोद यादव के यहां से 11 भूमि दस्तावेज और स्कॉर्पियो के कागजात मिले. उसे भी गिरफ्तार किया गया. नैयर उर्फ नैरू खान के यहां से 39 भूमि संबंधी दस्तावेज मिले. शहनवाज अली के यहां से 9 लाख 50 हजार रुपये नकद, बैंक दस्तावेज और पासपोर्ट बरामद हुआ.

प्रवीण मिश्रा के यहां से अंचल कार्यालय सिकंदरा के रजिस्टर-दो के पांच सरकारी वॉल्यूम, न्यायालय से संबंधित सीलबंद लिफाफे और 30 भूमि दस्तावेज बरामद हुए. सरकारी अभिलेखों की बरामदगी को लेकर अलग से जांच की जा रही है.


राकेश उर्फ सोनू यादव के यहां से बैंक पासबुक और निवेश संबंधी कागजात मिले तथा उसे गिरफ्तार किया गया. शंभू यादव के यहां से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, 11 बैंक पासबुक, स्कॉर्पियो, ट्रैक्टर तथा निवेश संबंधी कागजात बरामद हुए. रामडीह निवासी मनोज यादव के यहां से दो सीलबंद शराब की बोतलें मिलीं, जिस पर स्थानीय थाना द्वारा अलग कार्रवाई की जा रही है.


बड़ी टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
इस अभियान में आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस अधीक्षक, तीन अपर पुलिस अधीक्षक, 18 डीएसपी स्तर के अधिकारी, बड़ी संख्या में पुलिस निरीक्षक, अवर निरीक्षक तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे. कार्रवाई में विशेष कार्य बल (STF), जमुई एवं शेखपुरा जिला पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फिलहाल, कई स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है और बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !